उरई।
सदर कोतवाली में आयोजित थाना समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने संयुक्त रूप से फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
थाना समाधान दिवस के दौरान कुल एक शिकायत/प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ, जिसे मौके पर ही संज्ञान में लेते हुए कोतवाली प्रभारी निरीक्षक को जांच कर समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि थाना समाधान दिवस आमजन और प्रशासन के बीच विश्वास को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है, इसलिए प्रत्येक शिकायत का निस्तारण पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ किया जाना चाहिए।
पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों की जांच तथ्यात्मक एवं निष्पक्ष तरीके से की जाए तथा शिकायतकर्ता को प्रकरण की प्रगति से नियमित रूप से अवगत कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
अधिकारियों ने कहा कि थाना समाधान दिवस के माध्यम से प्रशासन का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही प्रभावी ढंग से करना है, जिससे अनावश्यक विवादों एवं लंबित मामलों में कमी आए और जनविश्वास और अधिक सुदृढ़ हो।







Leave a comment