झांसी।
रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में चंदन एवं प्राकृतिक कृषि को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही द्वारा किसानों एवं कृषि क्षेत्र से जुड़े व्यक्तियों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता, झांसी लोकसभा सांसद अनुराग शर्मा, कृषि विभाग के निदेशक पंकज त्रिपाठी, नीति आयोग के सदस्य नीति आयोग से जुड़े चंद्र प्रकाश, विश्वविद्यालय के कुलपति अशोक कुमार सिंह, निदेशक प्रसार सुनील कुमार सिंह तथा निदेशक सीड्स सुशील कुमार चतुर्वेदी सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का आयोजन रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय परिसर में किया गया, जिसमें विश्वविद्यालय के सभी विभागाध्यक्ष, प्रदेश व देशभर से आए प्रगतिशील किसान एवं कृषि विशेषज्ञों ने सहभागिता की।
प्राकृतिक खेती को मिलेगा नया प्रोत्साहन
समारोह में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि प्राकृतिक कृषि एवं चंदन खेती जैसे नवाचार किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी सहायक हैं। उन्होंने किसानों से आधुनिक तकनीक और पारंपरिक ज्ञान के समन्वय से खेती करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विशेषज्ञों द्वारा प्राकृतिक कृषि, जैविक संसाधनों के उपयोग तथा चंदन उत्पादन की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही सफल किसानों के अनुभव साझा किए गए, जिससे अन्य कृषकों को भी प्रेरणा मिली।
कार्यक्रम के अंत में विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।






Leave a comment