यातायात नियमों की अनदेखी पर कार्रवाई, आरटीओ की सख्त पहल

उरई, 15 फरवरी।
उरई में ‘सड़क सुरक्षा माह’ के अंतर्गत रविवार को यातायात नियमों के पालन को लेकर विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान बिना नंबर प्लेट, कूट रचित नंबर प्लेट, मालवाहक एवं यात्री वाहनों की सघन जांच की गई।

वरिष्ठ सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) सुरेश कुमार के नेतृत्व में शहर के विभिन्न मार्गों पर वाहनों की जांच की गई। जांच के दौरान जो वाहन नियमों का उल्लंघन करते पाए गए, उनके विरुद्ध नियमानुसार चालान की कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान वाहन चालकों को एचएसआरपी नंबर प्लेट लगाने, ओवरलोडिंग से बचने, माल वाहनों में सवारियां न बैठाने तथा वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी चालकों को सुरक्षित परिवहन के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की कि वे सभी वैध दस्तावेजों के साथ वाहन चलाएं, नशे की हालत में वाहन न चलाएं, ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का प्रयोग न करें, ओवरस्पीड व गलत दिशा में वाहन संचालन से बचें तथा क्षमता से अधिक सवारियां न बैठाएं।

रात्रि के समय दृश्यता कम होने पर सुरक्षित स्थान पर वाहन खड़ा करने तथा दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि नियमों का पालन ही सुरक्षित यात्रा की कुंजी है और इससे ही जान-माल की रक्षा संभव है।

अभियान के माध्यम से आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया गया।

Leave a comment