माधौगढ़। साधारण परिवार से निकलकर एक बेटी ने मेहनत और लगन के दम पर पहले एमबीबीएस और अब एमडी में चयनित होकर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। व्यापारी लालजी सिपौल्या की पुत्री शैफाली गुप्ता ने सीमित संसाधनों के बावजूद नीट परीक्षा उत्तीर्ण कर झांसी मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की।
एमबीबीएस के बाद शैफाली ने ललितपुर जिला चिकित्सालय में सेवाएं देते हुए अपनी पढ़ाई जारी रखी और अब एमडी (एनेस्थीसिया) में चयनित होकर नई उपलब्धि हासिल की है। उनकी इस सफलता को क्षेत्र में एक प्रेरणादायक उदाहरण माना जा रहा है।
हालांकि वर्तमान में उनका परिवार उरई में निवास करता है, लेकिन परिवार की जड़ें आज भी माधौगढ़ से जुड़ी हुई हैं। शैफाली की उपलब्धि से पूरे कस्बे तथा गहोई समाज में खुशी की लहर है।
गहोई समाज के अध्यक्ष मनोज चौधरी तथा क्षेत्रीय अध्यक्ष रघुवीर शरण महतेले (गंगा-जमुनी गहोई समाज) सहित अनेक लोगों ने इस होनहार बेटी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उसकी सफलता क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणा बनेगी।






Leave a comment