उरई। शहर में संचालित अवैध एवं मानकविहीन कोचिंग संस्थानों के खिलाफ गुरुवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने शहीद भगत सिंह चौराहा पर रोड जाम कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि जनपद में संचालित लगभग 90 प्रतिशत कोचिंग संस्थान बिना पंजीकरण और मानकों के चल रहे हैं। इन संस्थानों के पास न तो आवश्यक अनुमति है और न ही सुरक्षा से जुड़े जरूरी दस्तावेज।
कार्यकर्ताओं का कहना था कि कई सरकारी शिक्षक भी नियमों का उल्लंघन करते हुए निजी कोचिंग संस्थान चला रहे हैं। छोटे-छोटे कमरों में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को बैठाकर पढ़ाया जा रहा है, जिससे भविष्य में किसी भी समय जान-माल का खतरा उत्पन्न हो सकता है।
प्रदर्शन की सूचना पर मौके पर पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट एवं सीओ सिटी ने कार्यकर्ताओं से बातचीत कर उन्हें समझाया और जाम समाप्त कराया। अधिकारियों ने जल्द ही जांच समिति गठित कर अवैध कोचिंग संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
इस दौरान विद्यार्थी परिषद के प्रांत राज्य विश्वविद्यालय कार्य संयोजक चित्रांशु सिंह, उरई विभाग संयोजक अभय दुबे, जिला संयोजक सहयोग नामदेव, नगर मंत्री अमन पांडा, सूर्यांश राजावत, ओम ठाकुर, मनु तिवारी, अनुज द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
एबीवीपी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।







Leave a comment