उरई। आगामी होली पर्व को देखते हुए तथा शासन से प्राप्त निर्देशों के क्रम में जनपद की तहसीलों में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा सघन निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई की गई। विभिन्न प्रतिष्ठानों से खोया एवं मिश्रित दूध के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लखनऊ एवं जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के आदेशानुसार, सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ. जतिन कुमार सिंह के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। इसका उद्देश्य होली पर्व पर आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।
खाद्य सुरक्षा टीम ने जालौन तहसील के ग्राम टिकरी स्थित रामदत्त मिश्रा की खोया भट्टी तथा श्याम हरि की भट्टी से खोया के नमूने संग्रहित किए। सभी नमूनों को परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि नमूने मानक के अनुरूप नहीं पाए जाते हैं, तो संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के अंतर्गत विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही फूड सेफ्टी वैन के माध्यम से आमजन को सुरक्षित एवं स्वच्छ खाद्य पदार्थों के प्रति जागरूक करने हेतु विशेष अभियान भी चलाया गया। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और त्योहार तक जिले के विभिन्न बाजारों में नियमित निरीक्षण किया जाएगा।
इस दौरान सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ. जतिन कुमार सिंह, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार राय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी कन्हैया लाल यादव, सुनील कुमार तथा महेश प्रसाद सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
खाद्य विभाग की इस कार्रवाई से आमजन में भरोसा बढ़ा है कि होली पर्व पर शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।







Leave a comment