एआई युग में मानव मूल्यों पर मंथन, लखनऊ में अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी का शुभारंभ

लखनऊ।
राष्ट्रीय शैक्षिक संघ, अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ) एवं दीनदयाल उपाध्याय महाविद्यालय, दिल्ली विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में 22–23 फरवरी 2026 को “डिजिटल समाज और मानव मूल्य: एआई युग में एकात्म मानव दर्शन की प्रासंगिकता” विषय पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया।

इस संगोष्ठी का शुभारंभ डॉ. भीमराव अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन केंद्र, दिल्ली में हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य सूचना क्रांति और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के दौर में मानवीय मूल्यों की प्रासंगिकता पर मंथन करना है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में अशोक कुमार चक्रवाल, कुलपति, गुरु घासीदास विश्वविद्यालय उपस्थित रहे। सत्र की अध्यक्षता नारायणलाल गुप्ता ने की।

इसके अलावा हेमचन्द्र जैन, महेंद्र कपूर, गीता भट्ट, वीरेंद्र भारद्वाज सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही।

प्राचार्य प्रो. हेमचन्द्र जैन ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि एआई के चुनौतीपूर्ण समय में मानवीय मूल्यों की रक्षा के लिए यह संगोष्ठी एक महत्वपूर्ण पहल है। वहीं प्रो. अशोक कुमार चक्रवाल ने कहा कि एआई न तो हमारा गुरु है और न ही शिष्य, बल्कि इसे एक सहायक उपकरण के रूप में उपयोग किया जाना चाहिए।

मुख्य अतिथि जितिन प्रसाद ने अपने संबोधन में कहा कि हाल ही में आयोजित वैश्विक एआई समिट में 86 देशों ने तकनीक को मानवीय मूल्यों पर आधारित रखने पर सहमति जताई है। उन्होंने डिजिटल साक्षरता को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर देते हुए डीपफेक और भ्रामक सूचनाओं से सावधान रहने की अपील की।

सत्राध्यक्ष प्रो. नारायणलाल गुप्ता ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के ‘एकात्म मानव दर्शन’ के संदर्भ में एआई की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि तकनीक का उपयोग संस्कारों के साथ किया जाना चाहिए।

कार्यक्रम के अंत में प्रो. वीरेंद्र भारद्वाज ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। प्रदेशीय मीडिया प्रभारी बृजेश श्रीवास्तव ने बताया कि पहले दिन के सत्रों में देश-विदेश के विशेषज्ञों ने भाग लिया।

सम्मेलन में देशभर से 800 से अधिक शिक्षाविदों ने सहभागिता की। यह अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी 23 फरवरी को भी जारी रहेगी, जिसमें राष्ट्रीय सुरक्षा सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी।

Leave a comment