उरई।
इंदिरा स्टेडियम स्थित तरणताल परिसर में चल रहे सौंदर्यीकरण एवं पुनरुद्धार कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच गए हैं। मा. जल शक्ति मंत्री की निधि से संचालित इस परियोजना का मंगलवार को जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि 10 मार्च तक सभी कार्य उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं, किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
तरणताल परिसर में पाथवे निर्माण, शौचालय व्यवस्था का उन्नयन, बाउंड्रीवाल सुदृढ़ीकरण, शेड निर्माण, टाइल्स नवीनीकरण, रेनोवेशन तथा रंगाई-पुताई जैसे अधिकांश कार्य लगभग पूर्ण हो चुके हैं। जिलाधिकारी ने कार्यों की गुणवत्ता की बारीकी से जांच करते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश भी दिए।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने इंदिरा स्टेडियम परिसर में चल रहे ग्राउंड समतलीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि यह कार्य तकनीकी मानकों के अनुरूप शीघ्र पूरा कराया जाए, ताकि खिलाड़ियों को समतल और सुरक्षित मैदान उपलब्ध हो सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि इंदिरा स्टेडियम जनपद के युवाओं और खेल प्रतिभाओं के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र है। इसके उन्नयन से खेल गतिविधियों को नई गति मिलेगी और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी। उन्होंने बताया कि प्रशासन खेल अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण के लिए प्रतिबद्ध है तथा कार्यों की नियमित निगरानी जारी रहेगी।






Leave a comment