उरई।
जनपद में 28 फरवरी को मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे के संभावित निरीक्षण को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। निरीक्षण के दृष्टिगत सभी शाखाओं एवं पटलों पर अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, लंबित प्रकरणों के अद्यतन निस्तारण तथा कार्यालयी व्यवस्था को सुदृढ़ करने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है।

कलेक्ट्रेट परिसर में स्वच्छता अभियान के अंतर्गत व्यापक साफ-सफाई, रंगाई-पुताई एवं आवश्यक मरम्मत कार्य कराए जा रहे हैं। अभिलेखागार, राजस्व अनुभाग, नजारत, माल फौजदारी, भूलेख सहित विभिन्न पटलों पर फाइलों का वर्गीकरण एवं अनुक्रमण सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि निरीक्षण के दौरान अभिलेख सुव्यवस्थित एवं अद्यतन स्थिति में प्रस्तुत किए जा सकें।

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त द्वारा किसी भी दो कार्यालयों का औचक निरीक्षण किए जाने की संभावना को देखते हुए संबंधित कार्यालयाध्यक्षों को निर्देशित किया गया है कि सभी अभिलेख, पंजिकाएं एवं सेवा पुस्तिकाएं अद्यतन रखें। साथ ही कार्यालयों में पारदर्शी एवं जवाबदेह कार्यप्रणाली सुनिश्चित की जा रही है।

प्रशासनिक स्तर पर यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि जनसुनवाई, शिकायत निस्तारण, राजस्व वसूली, आपदा प्रबंधन तथा अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं से संबंधित प्रगति विवरण अदी रूप में उपलब्ध रहे। कलेक्ट्रेट परिसर में निरीक्षण को लेकर अधिकारियों एवं कर्मचारियों में विशेष सक्रियता देखी जा रही है।

प्रशासन का प्रयास है कि निरीक्षण के दौरान जनपद की प्रशासनिक कार्यप्रणाली, अभिलेख प्रबंधन एवं सुशासन व्यवस्था का सकारात्मक और प्रभावी प्रदर्शन किया जा सके।

Leave a comment