जालौन में चोरों का आतंक, सूने मकान को बनाया निशाना, लाखों की चोरी

जालौन-उरई।
जनपद जालौन में चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीस तारीख की रात नगर के मोहल्ला फर्दनावीस में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

जानकारी के अनुसार मोहल्ला फर्दनावीस निवासी श्याम किशोर सोनी पुत्र नारायणदास के घर में चोरों ने ताला तोड़कर प्रवेश किया। रात के समय जब मोहल्ले के लोगों ने मकान का ताला टूटा हुआ देखा तो तत्काल गृहस्वामी को सूचना दी गई।

सूचना मिलने पर गृहस्वामी मौके पर पहुंचे तो घर के अंदर का नजारा देखकर हैरान रह गए। सभी कमरों का सामान बिखरा पड़ा था। अलमारियां खुली हुई थीं और कीमती वस्तुएं गायब थीं। यहां तक कि पूजा कक्ष को भी चोरों ने नहीं बख्शा।

चोरी में कितनी संपत्ति गई है, इसका आकलन किया जा रहा है। पीड़ित परिवार ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी है।

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से नगरवासियों में दहशत का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने की मांग की है।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और जल्द ही घटना के खुलासे का आश्वासन दिया है।

Leave a comment