होली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की सख्ती, गुड़ व दूध के नमूने लिए गए

उरई।
आगामी होली त्योहार को देखते हुए शासन के निर्देशों के क्रम में जनपद की विभिन्न तहसीलों में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा सघन अभियान चलाया गया। इस दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से गुड़, दूध, मैदा एवं अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।

आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ तथा जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के आदेशानुसार नायब तहसीलदार माधोगढ़ भुवेंद्र सिंह एवं सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ. जतिन कुमार सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

माधोगढ़ तहसील के ग्राम डिकौली में इकबाल की गुड़ भट्टी, ग्राम गोहन में सफराज की गुड़ भट्टी, फुरकान की गुड़ भट्टी, ग्राम जमरेही में शानवर की गुड़ भट्टी से गुड़ के नमूने लिए गए। वहीं, माधोगढ़ बाजार में सुमित कुमार विश्नोई के प्रतिष्ठान से मैदा तथा सुदेश विश्नोई के प्रतिष्ठान से मक्का पोहा का नमूना संग्रहित किया गया।

इसके अलावा कालपी तहसील के कदौरा कस्बे में स्थित दूध डेयरी से दूध का नमूना लेकर परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजा गया। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद दोषी पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी।

इसी क्रम में कालपी तहसील के जोल्हूपुर चौराहा पर फूड सेफ्टी वैन के माध्यम से आमजन को सुरक्षित खाद्य पदार्थों के प्रति जागरूक किया गया। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान त्योहारों तक लगातार जारी रहेगा।

इस मौके पर सहायक आयुक्त (खाद्य) जतिन कुमार सिंह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी कन्हैया लाल यादव, अनिल कुमार शंखवार, सुनील कुमार तथा महेश प्रसाद मौजूद रहे।

Leave a comment