उरई।
शब-ए-बरात के पावन अवसर पर नगर में धार्मिक माहौल देखने को मिला। अल्लाह को राजी करने और गुनाहों की माफी के लिए बड़ी संख्या में लोगों ने पूरी रात इबादत की। सोशल मीडिया पर भी लोगों ने एक-दूसरे से माफी मांगते हुए भावपूर्ण संदेश साझा किए।
मान्यता है कि शब-ए-बरात की रात अल्लाह अपने बंदों के सालभर के जीवन, मृत्यु, रोज़गार और किस्मत से जुड़े फैसले दर्ज करते हैं। इसी आस्था के चलते मुसलमानों ने सच्चे मन से इबादत कर गुनाहों से तौबा की।
शाम को मगरिब की नमाज के बाद प्रेम नगर, श्याम नगर, आजाद नगर, बल्लभ नगर, सूर्य नगर, पटेल नगर, सदनपुरी, मोहनपुरा, तिलक नगर, कृष्णा नगर और गणेशगंज सहित विभिन्न इलाकों में इबादत का सिलसिला शुरू हुआ, जो देर रात तक चलता रहा। बड़ी संख्या में लोग करसान रोड स्थित कब्रिस्तान पहुंचे और फातिहा पढ़कर अपने पूर्वजों को याद किया।
कब्रिस्तान में हाजिरी के बाद लोगों ने मस्जिदों में नफली नमाज अदा की और अल्लाह से अपने गुनाहों की माफी मांगी। मान्यता के अनुसार, इस रात सच्चे मन से की गई इबादत से अल्लाह बंदों को पाक-साफ कर जन्नत का रास्ता दिखाते हैं।
इस अवसर पर मस्जिदों और मजारों को सजाया गया। घरों में हलवा, बिरयानी सहित अन्य पकवान बनाए गए और गरीबों व जरूरतमंदों में बांटे गए। पूरी रात नगर में धार्मिक श्रद्धा, संयम और भाईचारे का वातावरण बना रहा।






Leave a comment