दूरस्थ जनसुनवाई में डीएम ने सुनीं समस्याएं, दिव्यांग महिला के बच्चों को आरटीई के तहत दिलाया जाएगा प्रवेश

जालौन, 24 फरवरी 2026।
जनपद में सुशासन की भावना को साकार करते हुए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने प्रातः 10 बजे अपने कार्यालय कक्ष से वर्चुअल माध्यम द्वारा दूरस्थ जनसुनवाई आयोजित कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त प्रकरणों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान एक मार्मिक प्रकरण सामने आया। दोनों पैरों से दिव्यांग आभा श्रीवास्तव ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनकी पुत्री दीपाली कक्षा 5 तथा पुत्र दर्शन कक्षा 4 में अध्ययनरत हैं। उन्होंने दोनों बच्चों का किसी अच्छे विद्यालय में प्रवेश कराने की मांग की, ताकि वे बेहतर शिक्षा प्राप्त कर आत्मनिर्भर बन सकें।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि बच्चों का प्रवेश शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने आरटीई फार्म भरवाने से लेकर प्रवेश की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि शासन गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद वर्ग के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ दिलाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत को संवेदनशीलता के साथ लेते हुए निर्धारित समयसीमा में निस्तारित किया जाए।

Leave a comment