जनपद जालौन, 25 फरवरी 2026।
जनपद में सुशासन की प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने अपने कार्यालय कक्ष से सभी जिलास्तरीय अधिकारियों को वर्चुअल माध्यम से जोड़कर दूर-दराज से आए फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता पूर्वक सुना। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को त्वरित राहत मिल सके।
जनसुनवाई के दौरान 77 वर्षीय कैलासी देवी को प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड प्रदान किया गया। जिलाधिकारी ने बताया कि इस योजना के तहत प्रति परिवार प्रति वर्ष पांच लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार सूचीबद्ध अस्पतालों में उपलब्ध है। कम सुनाई देने की समस्या से पीड़ित वृद्धा को रेड क्रॉस मद से तत्काल श्रवण यंत्र उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी कराई गई।
इसी क्रम में ब्लॉक रामपुरा के ग्राम मलहांनपुरा निवासी 65 वर्षीय सोमवती ने आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए योजनाओं से वंचित होने की बात कही। जांच में पाया गया कि उन्हें पेंशन एवं आयुष्मान योजना का लाभ मिल रहा है, लेकिन शौचालय और आवास की सुविधा उपलब्ध नहीं है। इस पर जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को शौचालय निर्माण तथा खंड विकास अधिकारी को सर्वे कर मुख्यमंत्री आवास योजना से लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा है कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। सभी अधिकारी जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए पारदर्शी एवं जवाबदेह कार्यशैली अपनाएं।






Leave a comment