विकास योजनाओं को मंजूरी, 56 कार्यों को मिली हरी झंडी
उरई , 25 फरवरी 2026।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्तरीय समिति की बैठक में मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के अंतर्गत प्रस्तुत विकास कार्ययोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में विस्तृत समीक्षा के बाद कुल 56 कार्यों को मंजूरी दी गई, जिन पर लगभग 10.30 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे।
नगर निकायवार स्वीकृत कार्यों एवं धनराशि का विवरण इस प्रकार है—
नगरपालिका परिषद जालौन के 4 कार्यों पर 110.53 लाख रुपये,
नगरपालिका परिषद कोंच के 25 कार्यों पर 337.91 लाख रुपये,
नगर पंचायत एट के 16 कार्यों पर 296.48 लाख रुपये,
नगर पंचायत कोटरा के 11 कार्यों पर 285.53 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इस प्रकार कुल 1030.45 लाख रुपये की परियोजनाओं को अनुमोदन प्रदान किया गया।
स्वीकृत कार्यों में पेयजल आपूर्ति सुदृढ़ीकरण, सड़क व नाली निर्माण, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, प्रमुख चौराहों का सौंदर्यीकरण, पार्क विकास एवं सामुदायिक सुविधाओं का विस्तार शामिल है। इन कार्यों के पूर्ण होने से नगर क्षेत्रों में स्वच्छता, आवागमन, प्रकाश व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं में सुधार होगा।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किए जाएं। प्रत्येक परियोजना की चरणबद्ध मॉनिटरिंग, भौतिक सत्यापन एवं फोटोग्राफी अनिवार्य रूप से कराई जाए। ई-टेंडरिंग के माध्यम से पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
उन्होंने कहा कि नगर निकायों का समुचित विकास ही शहरी प्रगति का आधार है। इन योजनाओं से आम नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार आएगा और जनपद में सुनियोजित विकास को गति मिलेगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संजय कुमार, चेयरमैन जालौन नेहा मित्तल, चेयरमैन कोंच प्रदीप कुमार गुप्ता, चेयरमैन सियाशरण व्यास सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।





Leave a comment