उरई। जनपद में कानून व्यवस्था एवं कारागार व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने संयुक्त रूप से जिला कारागार उरई का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों के रहन-सहन, भोजन की गुणवत्ता, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा अभिलेखों का गहन परीक्षण किया। बैरकों की साफ-सफाई, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, प्रवेश द्वार की सुरक्षा जांच व्यवस्था एवं मुलाकात कक्ष की व्यवस्थाओं का विशेष रूप से जायजा लिया गया।
अधिकारियों ने कारागार प्रशासन को निर्देश दिए कि सुरक्षा में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमित तलाशी अभियान चलाकर संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखा जाए। इस दौरान बैरकों में सघन तलाशी अभियान भी चलाया गया, जिसमें कोई भी आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली।
जिलाधिकारी ने बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही भोजन व्यवस्था की गुणवत्ता की जानकारी ली तथा रसोईघर का निरीक्षण कर स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बंदियों के स्वास्थ्य परीक्षण नियमित रूप से कराए जाएं तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा कर्मियों को सतर्कता बरतने, ड्यूटी रजिस्टर अद्यतन रखने तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए समय-समय पर मॉक ड्रिल आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कारागार की मजबूत सुरक्षा व्यवस्था जनपद की कानून व्यवस्था के लिए अत्यंत आवश्यक है।
निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक नीरज देव सहित संबंधित अधिकारी एवं कारागार प्रशासन के कर्मचारी उपस्थित रहे।





Leave a comment