उरई। भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने मुख्यालय स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस प्रथम एवं द्वितीय का प्रस्तावित मासिक स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, अभिलेखों के संधारण तथा ईवीएम लॉग-बुक का गहन अवलोकन कर आवश्यक टिप्पणियां अंकित कीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन सामग्री की सुरक्षा एवं पारदर्शिता में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए तथा निर्धारित प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी कक्ष में स्थापित सीसीटीवी मॉनिटरिंग सिस्टम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने 24×7 निगरानी व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि वेयरहाउस की सुरक्षा पूर्णतः चाक-चौबंद रहनी चाहिए।
इसके साथ ही विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) के अंतर्गत प्राप्त हो रही शिकायतों की भी समीक्षा की गई। जिला निर्वाचन कार्यालय में स्थापित डिस्ट्रिक्ट कॉन्टेक्ट सेंटर कक्ष एवं एसआईआर हेतु बनाए गए हेल्प डेस्क का निरीक्षण कर उन्होंने शिकायतों की प्रगति जानी। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक शिकायत का त्वरित निस्तारण कर आवेदकों को समय से अवगत कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान तलहा मजहर, ईवीएम सहायक सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





Leave a comment