मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर डीएम–एसपी ने की बैठक, कम पंजीकरण पर जताई चिंता

उरई। अर्हता तिथि 01.01.2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार की संयुक्त बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रकाशित आलेख्य निर्वाचक नामावलियां प्रत्येक मतदेय स्थल पर संबंधित बीएलओ, तहसील कार्यालय, जिला निर्वाचन कार्यालय एवं डीईओ पोर्टल पर जनसामान्य के अवलोकन हेतु उपलब्ध हैं। साथ ही भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर भी नामावलियां अपलोड की गई हैं।

उन्होंने जानकारी दी कि नागरिक फार्म-6 (नाम सम्मिलन), फार्म-7 (नाम विलोपन) एवं फार्म-8 (संशोधन) ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों माध्यमों से जमा कर सकते हैं। 06 जनवरी से 26 फरवरी 2026 तक प्राप्त दावों एवं आपत्तियों की सूची जनपद की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है।

बताया गया कि SIR-2026 के दौरान अब तक कुल 42,769 फार्म-6 प्राप्त हुए हैं, जिनमें 18 से 20 आयु वर्ग के 9,991 आवेदन शामिल हैं। वहीं महिला मतदाताओं के 20,642 आवेदन प्राप्त हुए हैं। जिलाधिकारी ने अपेक्षाकृत कम पंजीकरण पर चिंता व्यक्त करते हुए छूटे हुए युवा, महिला, नवविवाहित एवं अन्य पात्र नागरिकों से शीघ्र फार्म-6 भरने की अपील की।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सभी विधानसभा क्षेत्रों में नो-मैपिंग एवं लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी श्रेणी के मतदाताओं को नोटिस जारी कर सुनवाई की प्रक्रिया संचालित की जा रही है। साथ ही मृतक, स्थानांतरित, डुप्लीकेट एवं अनुपस्थित (ASD Voters) मतदाताओं के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है, जिससे मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाया जा सके।

बैठक में सभी राजनीतिक दलों से पुनरीक्षण प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग देने की अपील की गई, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक मजबूत किया जा सके।

इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी से शांतिस्वरूप, समाजवादी पार्टी से राजीव शर्मा, बहुजन समाज पार्टी से भगवती शरण पांचाल, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से अरविंद सेंगर, अपना दल (एस) से अनिल कुदारी एवं आम आदमी पार्टी से विनय चौरसिया सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a comment