घटिया निर्माण पर डीएम सख्त, मानक के विपरीत सड़क निर्माण दोबारा कराने के निर्देश

उरई। जनपद में विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने राज्य वित्त आयोग के अंतर्गत उरई रेलवे स्टेशन से बेरी वाले बाबा मजार होते हुए राठ रोड ओवरब्रिज के नीचे तक तथा सुशील नगर, दयानंद वैदिक कॉलेज के समीप नगर पालिका परिषद द्वारा कराए जा रहे डामरीकरण कार्य का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान दयानंद वैदिक कॉलेज के पास कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। मानकों के विपरीत कार्य मिलने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित नगर पालिका एवं विभागीय अधिकारियों को सड़क का पुनः निर्माण कराने के निर्देश दिए।

जांच में पाया गया कि सड़क निर्माण में निर्धारित बीसी (बिटुमिनस कंक्रीट) की मानक मात्रा का प्रयोग नहीं किया गया। इसके स्थान पर पीसी सामग्री का उपयोग किया गया, जिससे भारी वाहनों के आवागमन से सड़क की गुणवत्ता प्रभावित होने और अल्प समय में क्षतिग्रस्त होने की आशंका जताई गई।

इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कार्य को तत्काल मानकों के अनुरूप दोबारा कराया जाए तथा भविष्य में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों व ठेकेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

Leave a comment