होली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की सख्त कार्रवाई, विभिन्न प्रतिष्ठानों से लिए गए नमूने

उरई। आगामी होली त्योहार को देखते हुए शासन के निर्देशों के क्रम में जनपद में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा सघन अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के आदेशानुसार एवं आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लखनऊ, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई।

सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ. जतिन कुमार सिंह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, जनपद जालौन की टीम ने आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नमूना संग्रहण किया।

दिनांक 26 फरवरी 2026 की रात्रि में चमारी टोल प्लाजा पर झांसी की ओर जा रही एक गाड़ी से पफ (नमकीन) का नमूना लिया गया। वहीं 27 फरवरी 2026 को उरई के मुख्य बाजार स्थित प्रियंका वनस्पति से रिफाइंड पामोलीन ऑयल व राइस ब्राउन ऑयल तथा गोपाल गंज स्थित गिरिराज ट्रेडर्स से कोकोनट पाउडर का नमूना संग्रहित किया गया।

सभी नमूनों को परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत दोषी पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत विधिक कार्रवाई की जाएगी।

विभागीय अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा त्योहारों तक जिले के विभिन्न बाजारों में निरीक्षण किया जाता रहेगा, ताकि मिलावटी व घटिया खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाई जा सके।

इस अवसर पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार राय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी कन्हैया लाल यादव, सुनील कुमार तथा महेश प्रसाद उपस्थित रहे।

Leave a comment