होली व रमजान को लेकर शांति समिति की बैठक, सौहार्द बनाए रखने की अपील

उरई। आगामी त्योहार होली एवं रमजान को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए संभ्रांत नागरिकों, धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों से संवाद स्थापित करते हुए प्रशासन ने उनके सुझावों को गंभीरता से सुना और आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में आश्वस्त किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि होली और रमजान दोनों पर्व आपसी भाईचारे, प्रेम और सामाजिक एकता के प्रतीक हैं। जनपद की गंगा-जमुनी तहजीब को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, सड़क प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सेवाओं की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें, ताकि जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनी रहे।

पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने संवेदनशील स्थलों की पहचान कर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, मिश्रित गश्त, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग तथा अफवाहों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में उपस्थित नागरिकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि त्योहार परंपरागत उत्साह के साथ, आपसी सम्मान और मर्यादा के अनुरूप मनाए जाएंगे।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संजय कुमार, अपर जिलाधिकारी न्यायिक योगेंद्र सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार वर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a comment