विज्ञान दिवस पर सजे मॉडलों ने बटोरी प्रशंसा

उरई | छात्रों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बृज कुँवर देवी एल्ड्रिच पब्लिक स्कूल में 28 फरवरी 2026 को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर भव्य विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।

प्रदर्शनी का शुभारंभ जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पंडित एवं विद्यालय प्रबंधक अजय इटौरिया द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर जूनियर कक्षाओं के छात्रों द्वारा प्रस्तुत विज्ञान मॉडलों की वैज्ञानिक व्यावहारिकता की अतिथियों ने सराहना की।

निरीक्षक ने कहा कि विद्यालय का सकारात्मक वातावरण, प्रबंधन की दूरदर्शिता एवं शिक्षकों की गुणवत्ता इसे जनपद के अन्य विद्यालयों से अलग पहचान दिलाती है। विद्यालय के निदेशक अजय इटौरिया ने मुख्य अतिथि को पुष्पगुच्छ व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

उन्होंने कहा कि विज्ञान प्रदर्शनी से छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ता है और वे वास्तविक जीवन की समस्याओं पर सोचने के लिए प्रेरित होते हैं। विद्यालय की चेयरपर्सन सुविधा इटौरिया ने शिक्षकों के प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

प्रदर्शनी में जूनियर कक्षाओं के सैकड़ों छात्रों द्वारा लगभग 85 मॉडल प्रस्तुत किए गए। निर्णायक मंडल द्वारा विभिन्न मॉडलों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्रदान किया गया, जबकि अन्य सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार दिए गए।

इसके साथ ही इनर व्हील एवं विद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में “लिटिल चेम्प्स – फन एंड ग्रोथ” कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें छोटे बच्चों ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं और खेल गतिविधियों में भाग लिया।

कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों को विद्यालय की ओर से उपहार प्रदान किए गए तथा छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। प्रधानाचार्या सीमा श्रीखंडे, इंचार्ज प्रधानाचार्य राजेश सिंह, जूनियर इंचार्ज नीतू सिंह व वंदना गुप्ता ने सभी अतिथियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम का संचालन वैशाली एवं रुक्मणी द्वारा किया गया।

Leave a comment