“सृजन” थीम के साथ छात्रों ने दिखाया नवाचार और रचनात्मकता का अद्भुत प्रदर्शन
माधौगढ़-उरई | डी एल एस ग्लोबल पब्लिक स्कूल में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। प्रदर्शनी की थीम “सृजन” रखी गई, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में नवाचार, रचनात्मकता एवं वैज्ञानिक सोच को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि धीरज बाथम एवं परमार्थ समाजसेवी संस्थान के निदेशक अनिल सिंह द्वारा माँ सरस्वती के माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। विद्यालय परिवार ने अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया।
प्रदर्शनी में विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए अनेक आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक मॉडल प्रस्तुत किए गए। इनमें सोलर सिस्टम, श्वसन तंत्र, वाटर प्यूरिफायर, ऑटोमैटिक स्ट्रीट लाइट, ग्लोबल वार्मिंग, माइक्रोस्कोप तथा कार्बन गैस शुद्धिकरण जैसे विषयों पर आधारित मॉडल विशेष रूप से सराहनीय रहे। विद्यार्थियों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ अपने-अपने मॉडलों की कार्यप्रणाली को समझाया।
विद्यालय के मैनेजिंग डायरेक्टर वरुण सिंह ने छात्रों की खोज, कौशल एवं नवाचार भावना की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने और उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने में सहायक होते हैं।
मुख्य अतिथि धीरज बाथम एवं अनिल सिंह ने भी विद्यार्थियों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए उन्हें भविष्य में विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों एवं गणमान्य अतिथियों ने भी बच्चों के मॉडलों को खूब सराहा।
कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय के प्रधानाचार्य करन सिंह राजावत द्वारा किया गया। अंत में सामाजिक कार्यकर्ता संतोष कुमार ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण बलवान, आकांक्षा, अर्पिता, आशुतोष, आदित्य, लक्ष्मी, वर्तिका, आरती, स्नेहा, प्रिया सहित अन्य शिक्षक, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
विज्ञान प्रदर्शनी ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता, वैज्ञानिक सोच और नवाचार क्षमता को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करते हुए सभी को प्रेरित किया।







Leave a comment