उरई।
प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने जनपद में सिंचाई एवं जल संसाधन से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं का विधि-विधान से भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने बेतवा नहर प्रखण्ड प्रथम के अंतर्गत विभिन्न निर्माण कार्यों की शुरुआत कर क्षेत्र के विकास को नई गति देने का संदेश दिया।
मंत्री ने बेतवा नहर प्रखण्ड प्रथम के अंतर्गत जिलेदारी कार्यालय (द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ) के नव निर्माण कार्य का शिलान्यास किया, जिसकी कुल परियोजना लागत 349.19 लाख रुपये है। इसके साथ ही उरई स्थित निरीक्षण भवन के नव निर्माण कार्य का भी भूमि पूजन कर कार्य प्रारंभ कराया गया, जिसकी लागत 329.53 लाख रुपये है। दोनों परियोजनाओं की कुल लागत लगभग 678.72 लाख रुपये बताई गई है।
मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सिंचाई व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने तथा विभागीय ढांचे को आधुनिक और सुसज्जित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इन भवनों के निर्माण से विभागीय कार्यों के संचालन में सुविधा होगी और किसानों को बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर और गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं, ताकि किसानों और आमजन को शीघ्र लाभ मिल सके।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार तथा जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान सहित सिंचाई विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर अधिशासी अभियंता धर्म घोष, सहायक अभियंता वसीम राजा, सहायक अभियंता अंकित कुमार सिंह तथा अन्य विभागीय अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।







Leave a comment