उरई।
अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत नोटिसों की सुनवाई एवं प्रगति की समीक्षा के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विमल कुमार दुबे ने की, जबकि राजेश कुमार पाण्डेय भी मौजूद रहे।
बैठक में उप निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार सहित जनपद के सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) को आवश्यक निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि जनपद में कुल 2,19,442 नोटिस के सापेक्ष 100 प्रतिशत नोटिस जनरेट किए जा चुके हैं। इनमें से 1,99,098 (90.73 प्रतिशत) नोटिस संबंधित मतदाताओं को तामील कराए जा चुके हैं। विधानसभा क्षेत्रवार प्रगति के अनुसार माधौगढ़ में 63,031 (90.80 प्रतिशत), कालपी में 64,266 तथा उरई में 71,801 नोटिस तामील किए जा चुके हैं।
इसके अलावा अब तक 1,75,338 (79.90 प्रतिशत) नोटिसों की सुनवाई की जा चुकी है। विधानसभा क्षेत्र माधौगढ़ में 57,430 (82.73 प्रतिशत), कालपी में 55,993 (77.16 प्रतिशत) तथा उरई में 61,915 (79.94 प्रतिशत) नोटिसों की सुनवाई पूरी हो चुकी है।
बैठक में बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों की सराहना की गई, जबकि जिन अधिकारियों की प्रगति अपेक्षाकृत कम पाई गई उन्हें नोटिसों की सुनवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। मंडलायुक्त ने निर्देश दिया कि शेष नोटिसों का शीघ्र निस्तारण करते हुए निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।
बैठक में यह भी बताया गया कि दावे एवं आपत्तियों की अवधि 06 जनवरी से 06 मार्च 2026 तक कुल 40,170 फार्म-6, 2,367 फार्म-7 तथा 9,662 फार्म-8 प्राप्त हुए हैं। प्राप्त सभी प्रपत्रों का परीक्षण कर उनका निस्तारण 27 मार्च 2026 तक किया जाएगा।
बैठक में जनपद के सभी उपजिलाधिकारी/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा सहायक एवं अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी उपस्थित रहे।







Leave a comment