कलेक्ट्रेट कार्यालयों की कार्यप्रणाली की समीक्षा, अभिलेख व्यवस्था की सराहना

उरई।
विमल कुमार दुबे ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विभिन्न प्रशासनिक पटलों का औचक निरीक्षण कर कार्यप्रणाली की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने भूलेख, संग्रह, नजारत, शस्त्र अनुभाग, अभिलेखागार, माल फौजदारी अनुभाग और आपदा नियंत्रण कक्ष सहित कई कार्यालयों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने अभिलेखों के संधारण, पत्रावलियों के रखरखाव और लंबित प्रकरणों की स्थिति की बारीकी से जांच की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी लंबित मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक विलंब का सामना न करना पड़े।

नजारत अनुभाग के निरीक्षण में उन्होंने रजिस्टर संख्या-4 में दर्ज बकाया धनराशि का शीघ्र निस्तारण तथा अग्रिम धनराशि के समय पर समायोजन के निर्देश दिए। शस्त्र अनुभाग में उन्होंने ऐसे लाइसेंस धारकों की सूची तैयार करने को कहा, जिन्होंने समयावधि में अपने शस्त्र लाइसेंस का नवीनीकरण नहीं कराया है। ऐसे सभी लोगों को नोटिस जारी कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही शस्त्रागार भवन की मरम्मत कराने को भी कहा।

भूलेख अनुभाग में लेखपाल और चैनमैन से जुड़े तीन प्रकरण लंबित पाए जाने पर उन्हें एक सप्ताह के भीतर निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। न्यायालय निरीक्षण के दौरान एक से तीन वर्ष पुराने वादों के शीघ्र निस्तारण पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

अभिलेखागार में परगना वार लगाए गए बोर्ड की व्यवस्था को सराहते हुए मंडलायुक्त ने इसे मंडल के अन्य जनपदों में भी लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने बंदोबस्त नक्शों की प्रमाणित प्रतियां समय से उपलब्ध कराने और न्यायालयों को मांगी गई पत्रावलियां समय पर भेजने के निर्देश दिए।

जनशिकायतों के निस्तारण को लेकर भी उन्होंने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि शिकायतों का निस्तारण पारदर्शिता के साथ किया जाए और किसी भी मामले को बिना उचित कारण “स्पेशल क्लोज” न किया जाए।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन विभागों में ई-ऑफिस प्रणाली लागू नहीं है, वहां इसे अनिवार्य रूप से लागू किया जाए। आपदा नियंत्रण केंद्र के निरीक्षण में 1070 हेल्पलाइन और अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण की व्यवस्था सुदृढ़ करने को कहा गया।

निरीक्षण के दौरान राजेश कुमार पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संजय कुमार, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे प्रेमचंद मौर्य, अपर जिलाधिकारी न्यायिक योगेंद्र यादव, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार तथा उप जिलाधिकारी विनय कुमार मौर्य सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a comment