मंडलायुक्त की अध्यक्षता में समाधान दिवस, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

उरई।
तहसील सभागार उरई में विमल कुमार दुबे की अध्यक्षता तथा राजेश कुमार पाण्डेय की मौजूदगी में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। कार्यक्रम में दूर-दराज क्षेत्रों से आए फरियादियों ने अपनी विभिन्न समस्याएं और शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं।

मंडलायुक्त ने शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 42 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 14 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को सौंपते हुए निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।

मंडलायुक्त ने कहा कि शासन की मंशा है कि आमजन की समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही प्रभावी ढंग से किया जाए, ताकि नागरिकों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर लेकर उनका शीघ्र समाधान किया जाए।

इस अवसर पर के.के. सिंह, संजय कुमार, प्रदीप यादव, अखिलेश तिवारी, निशांत पाण्डेय, डॉ. वीरेंद्र सिंह तथा विनय कुमार मौर्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a comment