उरई विकास प्राधिकरण की 30वीं बोर्ड बैठक में कई अहम प्रस्ताव मंजूर

स्ट्रीट लाइट, हाईमास्ट और सड़कों के निर्माण को मिली स्वीकृति

उरई।
उरई विकास प्राधिकरण की 30वीं बोर्ड बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में मंडलायुक्त एवं प्राधिकरण अध्यक्ष विमल कुमार दुबे की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में 29वीं बोर्ड बैठक के प्रस्तावों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए अवस्थापना निधि के विकास कार्यों और बजट से जुड़े कई प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

बैठक में शहर के विकास और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। कोंच रोड स्थित प्राइवेट बस अड्डे से आगे कोंच तिराहे तक दोनों ओर सिंगल आर्म स्ट्रीट लाइट लगाने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई। इसके पूरा होने पर इकलासपुरा चौराहे से कोंच रोड तिराहे तक मार्ग पूरी तरह रोशन हो जाएगा, जिससे रात्रि में आवागमन अधिक सुरक्षित होगा।

इसके अलावा गोविन्दम तिराहा और रिनिया तिराहा पर सड़क सुरक्षा और प्रकाश व्यवस्था को मजबूत करने के लिए दो हाईमास्ट लाइट लगाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। वहीं तुलसीधाम कॉलोनी के मुख्य प्रवेश मार्ग के डामरीकरण तथा अन्य सड़कों के निर्माण व मरम्मत कार्य को भी स्वीकृत किया गया।

बैठक में वित्तीय वर्ष 2026–27 के बजट को भी अनुमोदन दिया गया। साथ ही मौजा बडेरा और बड़ागांव में प्रस्तावित मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण नई शहरी प्रोत्साहन योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि शासनादेश के अनुसार सहमति के आधार पर भूमि क्रय कर आवासीय योजना को जल्द विकसित किया जाए।

बैठक में मंडलायुक्त ने प्राधिकरण की आय बढ़ाने के लिए अधिक से अधिक मानचित्रों को समयबद्ध ढंग से स्वीकृत करने और प्रवर्तन कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने बिना स्वीकृत मानचित्र के बनाए जा रहे भवनों को तत्काल सीज करने तथा आवश्यकतानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही बिना लेआउट स्वीकृति के हो रही अवैध प्लाटिंग पर भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

प्रवर्तन कार्यों में अपेक्षित प्रगति न मिलने पर मंडलायुक्त ने प्राधिकरण सचिव को फटकार लगाते हुए अवैध निर्माणों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही झांसी मंडल के सहयुक्त नियोजक को उरई विकास प्राधिकरण का जोनल प्लान तैयार करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी एवं प्राधिकरण उपाध्यक्ष राजेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि उरई विकास प्राधिकरण नगर के नियोजित विकास और सुंदरीकरण के लिए लगातार प्रयास कर रहा है तथा निकट भविष्य में शहर में अन्य विकास कार्य भी कराए जाएंगे।

इस अवसर पर बोर्ड सदस्य अनिल यादव, दिलीप दुबे, प्राधिकरण सचिव परमानंद यादव, मुख्य लेखाधिकारी आशुतोष चतुर्वेदी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a comment