होटल के पास खेत में मिला अधेड़ का शव, जांच में जुटी पुलिस

जालौन।
नगर में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब बंगरा मार्ग स्थित होटल रिच गैलेक्सी के पास सड़क किनारे खेत में एक अधेड़ व्यक्ति का शव पड़ा मिला। मृतक की पहचान बृजलाल (57) पुत्र शर्मन, निवासी मोहल्ला तोपखाना, नगर जालौन के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार सुबह राहगीरों की नजर खेत के किनारे पड़े शव पर पड़ी। इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलने पर जालौन कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।

पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

बताया जा रहा है कि मृतक के संबंध में पहले जालौन कोतवाली में गुमशुदगी की सूचना भी दर्ज कराई गई थी, जिसकी पुष्टि पुलिस द्वारा की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

Leave a comment