कदौरा।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पी.एम. श्री विद्यालय कदौरा में महिला गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। गोष्ठी की अध्यक्षता श्रीमती सुहाना खातून ने की, जबकि संचालन वरिष्ठ शिक्षक प्रदीप सिंह चौहान ने किया।
गोष्ठी में वक्ताओं ने महिलाओं के स्वावलंबन और समाज में उनकी भागीदारी पर विचार व्यक्त किए। संध्या कुशवाहा ने कहा कि केंद्र सरकार मिशन शक्ति के तहत महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने बताया कि महिलाओं और बालिकाओं के सशक्तिकरण के लिए बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, जूडो-कराटे प्रतियोगिताएं तथा कन्या सुमंगला योजना जैसी पहलें चलाई जा रही हैं।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक परमानंद ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि देश की महिलाएं जब शिक्षित और आत्मनिर्भर बनेंगी तभी भारत का समग्र विकास संभव होगा। उन्होंने महिलाओं से घूंघट की परंपरा से बाहर निकलकर समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
गोष्ठी में कुसुम देवी, शीला देवी, गीता देवी, रिकीं, उमा देवी, गायत्री देवी सहित वार्ड सभासद अंकित गुप्ता, सत्यपाल, नीरज कुमार, राकेश कुमार, शिवेन्द्र शेखर, हरगोविंद, दिलीप, ज्ञानेश, दिनेश पाटरिया, ज्ञानेन्द्र और कुलदीप समेत विद्यालय के शिक्षक व स्थानीय लोग उपस्थित रहे।







Leave a comment