एल्ड्रिच स्कूल की पूर्व छात्रा डॉ. प्रतिमा का रक्षा मंत्रालय में चयन, विद्यालय में हुआ सम्मान

उरई।
बृज कुंवर देवी एल्ड्रिच पब्लिक स्कूल एक बार फिर गौरवान्वित हुआ, जब विद्यालय की पूर्व छात्रा डॉ. प्रतिमा शर्मा का चयन संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा के माध्यम से रक्षा मंत्रालय के मुख्यालय में हुआ। चयन के बाद डॉ. प्रतिमा अपने पुराने विद्यालय पहुंचीं और वहां के शिक्षकों व प्रबंधन से मुलाकात की।

विद्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में डायरेक्टर अजय इटौरिया, चेयरपर्सन सुविधा इटौरिया तथा प्रधानाचार्या सीमा श्रीखण्डे ने उन्हें पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

डॉ. प्रतिमा शर्मा ने विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यालय में मिले शिक्षा, अनुशासन और संस्कारित वातावरण की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यालय के डायरेक्टर अजय इटौरिया, चेयरपर्सन सुविधा इटौरिया और प्रधानाचार्या सीमा श्रीखण्डे ने हमेशा अभिभावक की तरह स्नेह और मार्गदर्शन दिया, जिससे उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि अपनी रुचि के अनुसार विषय और स्ट्रीम का चयन कर निरंतर मेहनत करें, तभी सफलता मिलती है।

इस अवसर पर डायरेक्टर अजय इटौरिया ने डॉ. प्रतिमा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि विद्यालय बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कार देने का प्रयास करता है, जिससे वे परिवार और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभा सकें। उन्होंने कहा कि एल्ड्रिच विद्यालय के विद्यार्थी आज देश के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा से सेवा दे रहे हैं, जो विद्यालय के लिए गर्व की बात है।

कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक डॉ. अनुज भदौरिया, डॉ. श्वेता अग्रवाल, पुरुषोत्तम पुरवार, देवेश पाठक सहित अन्य शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a comment