उरई ।
मुख्य विकास अधिकारी कुमदेंन्द्र कलाकर सिंह ने विकास खंड जालौन कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आवास बाबू अपने पटल से नदारद मिले, जिस पर सीडीओ ने कड़ी नाराजगी जताते हुए उनका एक दिन का वेतन रोकने के आदेश दिए।
सीडीओ ने आवास बाबू को तत्काल बुलवाकर कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि मार्च का महीना चल रहा है और लाभार्थी अपने कार्यों के लिए भटक रहे हैं, जबकि जिम्मेदार कर्मचारी पटल से गायब रहते हैं और सरकार का वेतन ले रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसी लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय निर्माण और मिनी सचिवालयों की स्थिति का भी जायजा लिया। इस दौरान कुछ ग्रामीणों ने जियो-टैगिंग के नाम पर अवैध वसूली के आरोप लगाए। इस पर बीडीओ अरुण कुमार ने कई महिलाओं और पुरुषों से पूछताछ की, जिनमें कुछ लोगों ने योजना का लाभ न मिलने की बात भी कही।
ग्रामीणों ने पात्र परिवारों को लाभार्थी सूची में शामिल करने और निष्पक्ष जांच की मांग की। इस पर सीडीओ कुमदेंन्द्र कलाकर सिंह ने खंड विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि जांच निष्पक्ष तरीके से कराई जाए और पात्र व्यक्तियों को ही योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।
निरीक्षण के दौरान सारंगपुर निवासी लाभार्थी जगदीश ने अपने आवास के भुगतान के संबंध में सीडीओ से शिकायत की। इस पर उन्होंने आवास बाबू को फटकार लगाते हुए निर्देश दिए कि दो दिन के भीतर भुगतान सुनिश्चित किया जाए, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सीडीओ ने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्थिति में पात्र लाभार्थियों को परेशान न किया जाए और सभी लंबित भुगतानों का शीघ्र निस्तारण किया जाए, ताकि सरकार की योजनाओं का लाभ समय पर जरूरतमंदों तक पहुंच सके।





Leave a comment