डीएम ने जिला अस्पताल (महिला) व मेडिकल कॉलेज का औचक निरीक्षण किया

उरई, 17 मार्च।

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाए रखने के उद्देश्य से जिला अस्पताल (महिला) और राजकीय मेडिकल कॉलेज का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ओपीडी, इमरजेंसी और विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से संवाद कर उन्हें मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। अधिकांश मरीजों ने बताया कि उन्हें अस्पताल से ही दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं और उपचार संतोषजनक ढंग से मिल रहा है, जिस पर जिलाधिकारी ने संतोष व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर उपचार और सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही संबंधित अधिकारियों को अस्पताल परिसर में साफ-सफाई, व्यवस्था और अनुशासन को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से राजकीय मेडिकल कॉलेज में स्वच्छता व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता स्वास्थ्य सेवाओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।

उन्होंने सभी चिकित्सकों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि मरीजों के प्रति संवेदनशीलता बनाए रखते हुए गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जाएं।

Leave a comment