जनगणना कार्य में पारदर्शिता पर जोर, एडीएम ने दिए निर्देश

उरई, 18 मार्च 2026 (सू०वि०)।
भारत की जनगणना–2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी/जिला जनगणना अधिकारी ने संबंधित फील्ड ट्रेनर्स एवं कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि जनगणना कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से देश की सामाजिक, आर्थिक एवं जनसांख्यिकीय स्थिति का सटीक आकलन किया जाता है। उन्होंने सभी कार्मिकों को पूर्ण जिम्मेदारी, सतर्कता एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को मकान सूचीकरण, डेटा संकलन की प्रक्रिया, डिजिटल उपकरणों के उपयोग तथा निर्धारित प्रपत्रों को सही ढंग से भरने की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही आमजन से संवाद स्थापित कर सही व सटीक जानकारी प्राप्त करने के लिए भी प्रेरित किया गया।

बताया गया कि प्रथम बैच का प्रशिक्षण 18, 19 एवं 20 मार्च 2026 को आयोजित किया जा रहा है, जबकि द्वितीय बैच का प्रशिक्षण 23, 24 एवं 25 मार्च 2026 को होगा। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी को फील्ड में प्रभावी रूप से लागू किया जाए, ताकि जनगणना कार्य निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जा सके।

Leave a comment