उरई।
ईद-उल-फितर के पावन अवसर पर जनपद में पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय और सतर्क नजर आया। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने उरई, कालपी और जालौन नगर समेत विभिन्न क्षेत्रों में स्थित ईदगाहों व संवेदनशील स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी व्यवस्थाएं निरंतर सुचारु रूप से संचालित रहनी चाहिए।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं पुलिस बल को पूरी सतर्कता के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए। साथ ही सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर कड़ी नजर रखने को कहा गया।
जनपद में ईद का त्योहार गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल पेश करते हुए हर्षोल्लास और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। सुबह से ही ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज अदा करने के लिए बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए, जहां नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और समाज में प्रेम, सद्भाव व एकता का संदेश दिया।






Leave a comment