उरई।
शहर कोतवाली क्षेत्र की एक महिला कर्मी ने युवक पर शादी का झांसा देकर कई बार दुष्कर्म करने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

महिला के अनुसार, उसके पति कारागार विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी थे, जिनका वर्ष 2019 में निधन हो गया था। इसके बाद उसे अनुकंपा के आधार पर नौकरी मिली और वर्तमान में वह जेल विभाग में कार्यरत है।

आरोप है कि शहर के एक मोहल्ला निवासी युवक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। जब उसने युवक पर शादी का दबाव बनाया, तो वह टालमटोल करने लगा और बाद में गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा।

महिला का आरोप है कि 15 मार्च को युवक उसके घर आया और तमंचा कनपटी पर रखकर उसके साथ दुष्कर्म किया। शोर मचाने पर उसकी बहन मौके पर पहुंच गई, जिसके बाद आरोपी पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया।

पीड़िता ने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की गुहार लगाई है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

Leave a comment