नून नदी पुल निर्माण में लापरवाही पर डीएम सख्त, जेई-एई पर कार्रवाई के निर्देश

उरई।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने ग्राम सतोह पहुंचकर नून नदी क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पूर्व में लगाए गए हरीशंकरी पौधे को विकसित होकर वृक्ष का रूप लेते देखा, जिस पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों की सराहना की।

इसके बाद जिलाधिकारी ने सतोह-अमीठा मार्ग पर नून नदी पर निर्माणाधीन पुल का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य में विलंब और फिनिशिंग में कमियां पाए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के संबंधित अवर अभियंता (जेई) एवं सहायक अभियंता (एई) के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यदायी संस्था को मानकों के अनुरूप तेजी से निर्माण कार्य पूरा करने के लिए सख्त चेतावनी दी।

उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने और कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को सुरक्षित और टिकाऊ सुविधाएं मिल सकें।

Leave a comment