बसपा ने कसी कमर: बूथ सशक्तिकरण पर जोर, मुख्य प्रभारी लालाराम अहिरवार के सख्त निर्देश

कालपी (जालौन)। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में सक्रियता तेज कर दी है। इसी क्रम में कालपी नगर में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें बूथ स्तर तक संगठन को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित बुंदेलखंड मुख्य प्रभारी लालाराम अहिरवार ने नगर के विभिन्न सेक्टरों और बूथ समितियों के गठन की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन बूथों का गठन अभी तक नहीं हो सका है, उन्हें शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि संगठन की जड़ें और मजबूत हो सकें।

उन्होंने कहा कि “मजबूत बूथ ही जीत की बुनियाद होता है”, इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए बूथ स्तर पर सक्रिय होना होगा। साथ ही उन्होंने पदाधिकारियों को शेष बचे बूथों के गठन के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपीं और मिशन 2027 के लिए अभी से पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया।

बैठक में संगठनात्मक मजबूती के साथ-साथ कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने और जनसंपर्क अभियान को तेज करने पर भी चर्चा की गई।

इस अवसर पर नगर अध्यक्ष हाशिम अली, संजय भदौरिया, श्याम कुशवाहा, पूर्व जिलाध्यक्ष संजय गौतम, पूर्व प्रत्याशी हरनारायण पाल, जिला महासचिव उदयवीर दोहरे और पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि जगजीवन अहिरवार प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

इसके अलावा शाकिर हसन, परशुराम दोहरे, परवेज कुरैशी, सभासद चांद बाबू, गुड्डू, सतीश निषाद, किशुन लाल पाल, सुल्तान दीवान, आनंद, देशराज, गोल्डी, सौरभ चौधरी, अभिलाष चौधरी और राम अवतार यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a comment