ओलावृष्टि पर प्रशासन सख्त: एडीएम ने गांव-गांव पहुंचकर किया नुकसान का जायजा

किसानों को भरोसा—पारदर्शी सर्वे के बाद मिलेगी समयबद्ध राहत

उरई (जालौन)।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) योगेंद्र सिंह ने तहसीलदार के साथ ग्राम मदारीपुर, कुतलूपुर, शहजादेपुर एवं मुहम्मदपुर पहुंचकर ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने खेतों में जाकर नुकसान का बारीकी से जायजा लिया और किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।

निरीक्षण के दौरान एडीएम योगेंद्र सिंह ने किसानों को आश्वस्त किया कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक प्रभावित किसान की फसल क्षति का सही एवं पारदर्शी सर्वे कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पात्र किसानों को समयबद्ध तरीके से राहत उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

उन्होंने राजस्व एवं कृषि विभाग की टीमों को सख्त निर्देश दिए कि सर्वे कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और जमीनी हकीकत के आधार पर ही रिपोर्ट तैयार की जाए, ताकि किसी भी किसान के साथ अन्याय न हो।

एडीएम ने कहा कि प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ किसानों के साथ खड़ा है और हर संभव सहायता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने और किसानों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर उनका लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

इस दौरान राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर ही फसल क्षति का आकलन किया और किसानों को आवश्यक जानकारी भी प्रदान की।

Leave a comment