आसमान से बरसी आफत: ओलावृष्टि ने तोड़ी अन्नदाता की कमर, खेतों में बर्बादी का मंजर

माधौगढ़–कोंच–रामपुरा क्षेत्र में तबाही, ब्लॉक प्रमुख ने किया दौरा, सौ फीसदी मुआवजे की मांग

उरई (जालौन)।
जनपद में शनिवार की शाम प्रकृति के क्रूर प्रहार ने अन्नदाता की कमर तोड़ दी। अचानक हुई भीषण ओलावृष्टि ने माधौगढ़, कोंच, रामपुरा और कुठौंद ब्लॉक के दर्जनों गांवों में ऐसा भयावह मंजर पैदा कर दिया, जिसे देखकर किसानों का कलेजा कांप उठा। खेतों में आधा फीट तक जमे ओलों ने पूरी फसल को सफेद चादर में तब्दील कर दिया।

गेहूं, चना और सरसों की पककर कटने को तैयार फसलें ओलों और पानी के भार से टूटकर जमीन पर बिछ गईं, जबकि कई खेतों में फसल सड़ने की कगार पर पहुंच गई है। किसानों की महीनों की मेहनत पल भर में बर्बाद हो गई।

आपदा के बाद रामपुरा ब्लॉक प्रमुख अजीत सिंह सेंगर ने नायब तहसीलदार वैभव गुप्ता व राजस्व टीम के साथ प्रभावित गांवों का दौरा किया। उन्होंने खेतों में पहुंचकर किसानों की समस्याएं सुनीं और हालात का जायजा लिया।

ब्लॉक प्रमुख अजीत सिंह सेंगर ने प्रशासन से सौ फीसदी मुआवजे की मांग करते हुए कहा कि इस भीषण आपदा में सरकार को अन्नदाताओं के साथ मजबूती से खड़ा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जल्द से जल्द सर्वे कराकर किसानों को पूरा मुआवजा दिया जाए, क्योंकि यह केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि उनके परिश्रम का सम्मान है।

उन्होंने भावुक शब्दों में कहा कि किसान केवल अन्नदाता ही नहीं, बल्कि देश की रीढ़ हैं। जब उनका मनोबल टूटता है, तो पूरे राष्ट्र की आत्मा आहत होती है। ऐसे समय में हर संवेदनशील व्यक्ति का कर्तव्य है कि वह किसानों के साथ खड़ा हो और उन्हें सहारा दे।

दौरे के दौरान उन्होंने किसानों को ढांढस बंधाया और भरोसा दिलाया कि किसी भी किसान के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि शीघ्र ही जिलाधिकारी से मुलाकात कर एवं उच्च अधिकारियों को पत्राचार के माध्यम से किसानों को उचित मुआवजा दिलाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

Leave a comment