स्कूल चलो अभियान व परीक्षा परिणाम वितरण के साथ रंगारंग कार्यक्रमों ने बांधा समां
उरई।
उच्च प्राथमिक विद्यालय कनासी (कंपोजिट) में वार्षिकोत्सव, स्कूल चलो अभियान और परीक्षा परिणाम वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक मूलचंद्र निरंजन, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी चंद्र प्रकाश, खंड शिक्षा अधिकारी नदीगांव शैलेंद्र उत्तम एवं ग्राम प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद विद्यालय स्टाफ द्वारा अतिथियों का स्वागत सम्मान किया गया और छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।
सरकारी योजनाओं का उठाएं लाभ—विधायक
विधायक मूलचंद्र निरंजन ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ सभी बच्चों तक पहुंच रहा है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को सरकारी विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं का पूरा लाभ दिलाएं, क्योंकि यहां योग्य और अनुभवी शिक्षक मौजूद हैं।
निःशुल्क शिक्षा व सुविधाओं पर जोर
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी चंद्र प्रकाश ने बताया कि सरकार द्वारा 6 से 14 वर्ष तक के बच्चों के लिए निःशुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा के साथ पाठ्य पुस्तकें, यूनिफॉर्म, जूते और बैग के लिए धनराशि उपलब्ध कराई जाती है। स्कूल चलो अभियान के तहत गांव के सभी बच्चों का नामांकन सुनिश्चित किया जा रहा है।
पुस्तक, रिजल्ट और पुरस्कार वितरण
कार्यक्रम के दौरान विधायक द्वारा छात्र-छात्राओं को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें वितरित की गईं। इसके साथ ही अतिथियों ने परीक्षा परिणाम घोषित कर विद्यार्थियों को शील्ड एवं पुरस्कार प्रदान किए। विशेष रूप से स्पेशल एजुकेटर नीरज पांचाल द्वारा SLD बच्चों को किट वितरित की गई।
कार्यक्रम का संचालन रामराजा सिंह जादौन ने किया। इस अवसर पर पूर्व ARP विनय मिश्रा, वर्तमान ARP गौरव शुक्ला, हरिमोहन, सुजाता, उपमा निरंजन, चंद्रकांति, सुमित पटेल, योगेश, धर्मेंद्र, अरविंद निरंजन, विवेक द्विवेदी, अतुल दुबे, अतुल भदौरिया, शिव शंकर सिद्धार्थ, अजय खरे सहित बड़ी संख्या में अभिभावक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।





Leave a comment