उरई (जालौन)। जनपद के माधौगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम रुद्रपुरा में उस समय सनसनी फैल गई जब कई दिनों से लापता युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिट्टी में दबा हुआ बरामद हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और मौके पर पहुंची टीम ने जांच शुरू कर दी।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम रुद्रपुरा निवासी परमाल सिंह पुत्र स्वर्गीय दीप सिंह ने थाना माधौगढ़ में लिखित तहरीर देकर बताया था कि उनका पुत्र कमल प्रताप सिंह उर्फ कुक्के दिनांक 25 मार्च 2026 को बिना बताए घर से कहीं चला गया था। इस पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी।

बुधवार 8 अप्रैल 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि लापता युवक का शव गांव के ही निवासी रोहित पुत्र नाथूराम के बाड़े में मिट्टी के नीचे दबा हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मौके पर पहुंची फील्ड यूनिट टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और हत्या की आशंका जताई जा रही है।

इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि घटना से जुड़े अहम सुराग पुलिस के हाथ लगे हैं और शीघ्र ही साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहन जांच में जुटी हुई है

Leave a comment