ओलावृष्टि से टूटी उम्मीदें, बेटियों की शादी की चिंता; ब्लॉक प्रमुख ने बढ़ाया मदद का हाथ

पीड़ित किसानों के घर पहुंचे अजीत सिंह सेंगर, राशन व आर्थिक सहायता देकर बंधाया हौसला

उरई/जालौन।

तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से फसल बर्बाद होने के बाद किसान गहरे आर्थिक संकट में हैं। ऐसे में जिन परिवारों की बेटियों की शादी तय है, उनके सामने हालात और भी चुनौतीपूर्ण हो गए हैं। इसी बीच मानवीय संवेदना का उदाहरण पेश करते हुए रामपुरा के ब्लॉक प्रमुख अजीत सिंह सेंगर ने दो पीड़ित परिवारों की मदद कर सराहनीय पहल की है।

फसल बर्बादी से टूटी शादी की उम्मीदें

विकास खंड माधौगढ़ के ग्राम अकबरपुरा निवासी कमलेश परिहार, जो भूमिहीन मजदूर कृषक हैं, ने बेटी कुमकुम की शादी (21 अप्रैल) के लिए 60 हजार रुपये खर्च कर छह बीघा जमीन बटाई पर ली थी। उम्मीद थी कि फसल से खर्च निकल आएगा, लेकिन ओलावृष्टि ने सारी मेहनत पर पानी फेर दिया।

इसी गांव के राज बहादुर सिंह की पुत्री शिवानी का विवाह 6 मई को प्रस्तावित है। मात्र छह बीघा पैतृक जमीन पर निर्भर इस परिवार की फसल भी पूरी तरह नष्ट हो गई, जिससे शादी की तैयारियां अधर में लटक गईं।

सोशल मीडिया से मिली जानकारी, तुरंत पहुंची मदद

दोनों परिवारों की पीड़ा सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के जरिए सामने आई। इसे देख ब्लॉक प्रमुख अजीत सिंह सेंगर भावुक हो उठे और मंगलवार शाम स्वयं गांव पहुंचकर परिवारों से मुलाकात की।

राशन, आर्थिक सहायता और भावनात्मक संबल

ब्लॉक प्रमुख ने दोनों परिवारों को—

1 कुंतल आटा

50 किलो शक्कर

15 लीटर रिफाइंड तेल

भेंट किया। साथ ही दोनों बेटियों को बहन का दर्जा देते हुए 5100 रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की। उन्होंने बेटियों के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

“कोई बेटी की शादी नहीं रुकेगी”

इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा के कारण किसी भी बहन-बेटी के विवाह में बाधा नहीं आने दी जाएगी और हर जरूरतमंद परिवार की मदद की जाएगी।

क्षेत्र में सराहना, ग्रामीणों की मौजूदगी

ब्लॉक प्रमुख के इस संवेदनशील कदम की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है। इस दौरान ग्राम प्रधान बृजभूषण सिंह समेत उधल सिंह, धर्मेंद्र सिंह, परमाल सिंह, बृजराज सिंह, प्रताप भान सिंह, चरण सिंह, वृंदावन सिंह, भूपेंद्र सिंह सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a comment