उरई। जनपद जालौन में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को अनुशासित बनाने के लिए जिला प्रशासन अब पूरी तरह सख्त हो गया है। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सड़क सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क पर अनुशासन सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने परिवहन विभाग को निर्देश दिए कि वाहन चालकों और परिचालकों के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच एवं दक्षता परीक्षण हेतु विशेष शिविर आयोजित किए जाएं, जिससे केवल सक्षम और प्रशिक्षित चालक ही सड़कों पर वाहन चलाएं।

उन्होंने रॉन्ग साइड चलने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही ओवरस्पीडिंग, नशे में वाहन चलाना, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग न करना तथा ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने वालों पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

शिक्षा विभाग को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देते हुए जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि स्कूलों और कॉलेजों में नियमित रूप से सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि यदि बच्चों में शुरुआत से ही यातायात नियमों के प्रति जागरूकता विकसित होगी, तो भविष्य में दुर्घटनाओं में स्वतः कमी आएगी।

नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के मामलों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि ऐसे मामलों में वाहन स्वामी अथवा अभिभावक के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही स्कूल वाहनों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उनकी फिटनेस, चालक-परिचालक का विवरण, मोबाइल नंबर और अन्य सुरक्षा मानकों की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

शहरी यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए जिलाधिकारी ने सचिव ओडीए, सिटी मजिस्ट्रेट और नगर पालिका उरई के अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिए कि सड़कों पर अनावश्यक पार्किंग और दुकानों के बाहर अतिक्रमण पर प्रभावी रोक लगाई जाए तथा व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था विकसित की जाए।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी बीरेंद्र सिंह, अधिशासी अभियंता अमित सक्सेना, सुनील कुमार, महेंद्र सिंह, एआरटीओ राजेश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पंडित, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी चंद्रप्रकाश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a comment