अवैध स्कूली वाहन पलटने पर कार्रवाई, विद्यालय प्रबंधन पर मुकदमा दर्ज की तैयारी

उरई।

जनपद में स्कूली वाहनों की सुरक्षा को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। अकबरपुर इटौरा स्थित एक निजी स्कूल के बच्चों को ले जा रही ईको गाड़ी गुरुवार को अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना इटौरा-काशीखेड़ा मार्ग पर लोहरगांव के पास अपरान्ह करीब 1:20 बजे हुई।

जांच में सामने आया कि वाहन स्कूली मानकों को पूरा किए बिना निजी रूप से संचालित किया जा रहा था, जो सर्वोच्च न्यायालय एवं परिवहन विभाग के सुरक्षा नियमों का उल्लंघन है। मामले को गंभीरता से लेते हुए परिवहन विभाग ने इसे लापरवाही मानते हुए कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस संबंध में विद्यालय प्रबंधन, वाहन स्वामी और चालक के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में कार्रवाई के लिए कोतवाली कालपी में तहरीर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

साथ ही, परिवहन विभाग द्वारा स्कूली वाहनों के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान परमिट शर्तों के उल्लंघन समेत विभिन्न मामलों में 6 वाहनों के खिलाफ चालान एवं निरुद्ध की कार्रवाई की गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Leave a comment