कुठौंद (जालौन), 10 अप्रैल 2026।
जालौन-औरैया स्टेट हाईवे पर ग्राम सनगढ़ के पास निर्माणाधीन बुंदेलखंड प्रवेश द्वार शुक्रवार को अचानक भरभराकर गिर गया, जिससे वहां काम कर रहे मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में पांच मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों में सुनील, रूप सिंह, गोविंद, रवि और हीरो शामिल हैं, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल औरैया पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी की आशंका जताई जा रही है, जिसे लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखी गई।
प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की विस्तृत जांच कराई जाएगी और यदि किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।






Leave a comment