उरई, 10 अप्रैल 2026।
विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन शुक्रवार को कर दिया गया। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित कर अंतिम मतदाता सूची की विस्तृत जानकारी साझा की गई।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि जनपद में कुल 11,31,999 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 6,24,126 पुरुष, 5,07,824 महिला और 49 अन्य मतदाता शामिल हैं। विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों के अनुसार माधौगढ़ में 3,96,304, कालपी में 3,60,476 तथा उरई (अजा) में 3,75,219 मतदाता दर्ज किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि पुनरीक्षण अभियान के दौरान 50,803 नए मतदाताओं को जोड़ा गया, जबकि 4,305 अपात्र प्रविष्टियां हटाई गईं। इनमें 596 मृतक, 2,340 स्थानांतरित, 526 डुप्लीकेट और 843 अन्य श्रेणी के नाम शामिल हैं। इसके अलावा 11,391 प्रविष्टियों में संशोधन कर सूची को और अधिक शुद्ध बनाया गया।
शिकायत निस्तारण की प्रक्रिया भी प्रभावी रही। एनजीएसपी पोर्टल पर प्राप्त 628 शिकायतों का समयबद्ध समाधान किया गया। वहीं बीएलओ स्तर पर 6,615 फील्ड वेरिफिकेशन कॉल्स और जिला कंट्रोल सेंटर पर 966 कॉल्स प्राप्त हुईं, जिनका निस्तारण सुनिश्चित किया गया।






Leave a comment