उरई/जालौन।
ओलावृष्टि से प्रभावित जरूरतमंद परिवारों के बीच पहुंचकर ब्लॉक प्रमुख रामपुरा अजीत सिंह सेंगर ने अपना जन्मदिन सेवा और संवेदना के साथ मनाया। उन्होंने घर-घर जाकर आर्थिक सहायता प्रदान की और पीड़ित परिवारों के चेहरों पर मुस्कान लाने का प्रयास किया।
गत सप्ताह आई भीषण आंधी और ओलावृष्टि ने जनपद जालौन के कृषि क्षेत्र को भारी नुकसान पहुंचाया है। कई किसानों की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गईं, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। विशेष रूप से उन परिवारों की चिंता बढ़ गई है, जिनके यहां बेटियों के विवाह निकट हैं और खर्च की बड़ी जिम्मेदारी सामने है।
इसी स्थिति को देखते हुए ब्लॉक प्रमुख अजीत सिंह सेंगर ने अपना जन्मदिन सादगी के साथ मनाने का निर्णय लिया। 10 अप्रैल को जब लोग उन्हें बधाई देने पहुंचे, तो उन्होंने औपचारिक उत्सव से इनकार करते हुए जरूरतमंदों की सहायता करने का संकल्प लिया। उनके इस निर्णय की लोगों ने सराहना की और बड़ी संख्या में लोग उनके साथ सेवा कार्य में जुड़ गए।
इसके पश्चात उन्होंने ग्राम पचोखरा, जाजेपुरा, धर्मपुरा जागीर और जमरेही सानी पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। जिन परिवारों में बेटियों के विवाह निकट हैं, उन्हें राहत सामग्री के रूप में एक-एक कुंटल आटा, 50 किलो शक्कर और 15 लीटर रिफाइंड तेल उपलब्ध कराया। साथ ही प्रत्येक बेटी को ‘भाई’ के रूप में ₹5100 की आर्थिक सहायता प्रदान कर उनका मनोबल बढ़ाया।
इस दौरान अजीत सिंह सेंगर ने पीड़ित परिवारों को आश्वस्त किया कि वे इस कठिन समय में उनके साथ हैं और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उनकी इस मानवीय पहल से कई परिवार भावुक हो उठे और उनके आंसू छलक पड़े।
क्षेत्र में ब्लॉक प्रमुख द्वारा जन्मदिन को सेवा और सहयोग के रूप में मनाने की इस पहल की व्यापक सराहना की जा रही है।






Leave a comment