Untitled post 75389

आटा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 7.6 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

जालौन। जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना आटा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह के कुशल निर्देशन में आटा पुलिस टीम ने दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 7.6 किलोग्राम अवैध गांजा और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने बताया कि संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान थाना आटा पुलिस ने 12 अप्रैल 2026 को दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों में राजेश उर्फ राजू पुत्र उमाशंकर निवासी किशनपुरा (हाल निवासी नया पटेल नगर उरई) तथा उमाशंकर उर्फ बबलू पुत्र सुदामा प्रसाद निवासी गोखले नगर कोंच शामिल हैं।

इस संबंध में थाना प्रभारी आटा ए. के. सिंह ने बताया कि दोनों अभियुक्तों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पूछताछ में इनके आपराधिक इतिहास भी सामने आए हैं, जिनमें मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े कई मामले दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार बरामदगी में 7.6 किलोग्राम अवैध गांजा तथा एक टीवीएस स्टार स्पोर्ट मोटरसाइकिल शामिल है। इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है और आगे भी ऐसे अभियानों को जारी रखने की बात कही गई है।

Leave a comment