टीईटी पर निर्णायक लड़ाई का ऐलान: शिक्षकों की आवाज बनी राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की बैठक”

उरई (जालौन), 12 अप्रैल 2026। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ जनपद इकाई जालौन की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को आर्यन पब्लिक स्कूल, उरई में जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह चौहान की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक का संचालन जिला महामंत्री इलयास मंसूरी ने किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं श्री गणेश जी की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ हुआ। बैठक में शिक्षकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर गंभीर चर्चा की गई, जिसमें टीईटी का विषय प्रमुख रूप से उभरकर सामने आया।

जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह चौहान ने कहा कि टीईटी के मुद्दे पर अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ निर्णायक लड़ाई लड़ रहा है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री द्वारा संगठन को आश्वस्त किया गया है कि सुप्रीम कोर्ट में प्रभावी पैरवी कर पूर्व से सेवारत शिक्षकों को टीईटी से मुक्ति दिलाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने सेवानिवृत्ति के बाद भी संगठन के प्रति अपने समर्पण को दोहराया।

जिला महामंत्री इलयास मंसूरी ने बैठक में उठाई गई शिक्षक समस्याओं के समाधान हेतु रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। प्रदेश मीडिया प्रभारी बृजेश श्रीवास्तव ने प्रांतीय अभ्यास वर्ग में हुए विभिन्न सत्रों—वैचारिक अधिष्ठान, कार्यकर्ता विकास, कार्य पद्धति, पंच परिवर्तन और ‘मेरा विद्यालय, मेरा तीर्थ’ जैसे विषयों पर प्रकाश डाला।

जिला कोषाध्यक्ष राकेश कुमार ने सदस्यता अभियान की समीक्षा करते हुए शीघ्र जिला इकाई के चुनाव कराने का सुझाव दिया। वहीं जिला संगठन मंत्री तनवीर अहमद ने संगठन विस्तार और कार्यकर्ता निर्माण पर जोर दिया।

बैठक को जिला मंत्री राजा सिंह, जिला संघर्ष समिति अध्यक्ष राजदेवर, सदस्यता प्रभारी रियायत बेग सहित अनेक पदाधिकारियों ने संबोधित किया और अपने विचार रखे।

इस अवसर पर जिला महिला उपाध्यक्ष सरला कुशवाहा, जिला उपाध्यक्ष मुहम्मद अय्यूब सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a comment